संपूर्णानगर। संपूर्णानगर पुलिस ने मिर्चियां इलाके में दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी की स्प्रे मशीन, गैस सिलिंडर और नकदी बरामद हुई है।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि बीते दिनों मिर्चियां स्थित एक दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इसके बाद से पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी थी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी का सामान बेचने की फिराक में पलिया की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मुरार खेड़ा के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और रविंद्र सिंह उर्फ टीटू निवासी मिर्चियां के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर चोरी की थी। पुलिस ने उनके पास से एक स्प्रे मशीन, एक गैस सिलिंडर और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों के खिलाफ संपूर्णानगर थाने में चार और हजारा थाने में एक मामला पहले से दर्ज है।
-
दीवार कूदकर मोटर व पाइप चोरी, प्राथमिकी दर्ज
निघासन। कस्बे के पटेलनगर (चौधरीपुरवा) वार्ड नंबर 11 स्थित एक निर्माणाधीन भवन से चोर मोटर व पाइप समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने दीवार फांदकर वारदात को अंजाम दिया।
वार्ड नंबर 12 इंद्रपुरी निवासी अनुराग चोपड़ा का पटेलनगर में निर्माणाधीन भवन है। भवन के चारों ओर बाउंड्री बनी है और गेट पर ताला लगा रहता है। आरोप है कि 16 अप्रैल की रात चोर दीवार कूदकर अंदर घुस गए और एक हॉर्सपावर की पानी की मोटर, करीब 100 फुट प्लास्टिक पाइप तथा लगभग चार-चार फुट के दो लोहे के एंगल चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
मकान की दीवार काट रहे थे, पुलिस को देख भाग गए
केशवापुर। थाना हैदराबाद की ढकवा चौकी क्षेत्र के गांव शेरपुर में शुक्रवार रात चोरों ने गंगाप्रसाद शुक्ल के घर को निशाना बनाने का प्रयास किया। गांव के उत्तरी छोर पर बने मकान में चोर पीछे की दीवार काट रहे थे। रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम के वाहनों की आवाज सुनकर चोर मौके से भाग निकले। सूचना पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार मलिक और ढकवा चौकी इंचार्ज जय नारायण यादव ने मौके का निरीक्षण किया। संवाद