सुबह शहर में इस तरह छाया रहा घना कोहरा। संवाद
लखीमपुर खीरी। लगातार बढ़ती गलन और बर्फीली हवा के चलते पारा लगातार लुढ़क रहा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 15.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह इस सीजन में अब तक सबसे कम अधिकतम तापमान है, जिसके चलते मंगलवार इस सीजन में सबसे सर्द रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। दिन चढ़ने के साथ कोहरा कुछ हल्का तो हुआ पर ठंड से कोई राहत नहीं मिल पाई। कारण दिन भर न तो धूप निकली और न ही गलन व बर्फीली हवाओं का असर ही कम हुआ।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्यिस दजर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण सर्दी से आम जन-जीवन प्रभावित है। लोग घरों से बहुत जरूरी काम होने पर ही निकल रहे हैं। इसके चलते सड़कों पर और बाजार में सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम है।
भीषण सर्दी से अभी फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। बुधवार को भी बहुत घना कोहरा पड़ने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने जताया है। इसके चलते ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मंगलवार को भी घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट के साथ ही मौसम विभाग की ओर से शीत दिवस भी घोषित किया गया।
सुबह शहर में इस तरह छाया रहा घना कोहरा। संवाद