बरेली में हुआ हादसा, हरियाणा मजदूरी करने जा रहे थे
बिजुआ। हरियाणा मजदूरी करने जा रहे बिजुआ के ग्रामीणों की कार में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। बरेली में हुए हादसे में एक की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्राम रामनगर कलां निवासी शिवपूजन 40 पुत्र घुरई हरियाणा मजदूरी करने जा रहा था। उसके साथ रामनगर सहित आसपास के गांवों के लोग भी थे। सभी बृहस्पतिवार को दो गाड़ियों घर से निकले थे। बताते हैं कि बरेली के पास हाईवे किनारे एक ढाबे पर दोनों गाड़ियों के लोग चाय पीने के लिए रुके। इस दौरान कई लोग चाय पीने उतर गए, जबकि शिवपूजन, केदारी, दिनेश निवासी रामनगर कलां तथा अनिरुद्ध, रामासरे, महेश निवासी चंदपुरा थाना भीरा गाड़ी में बैठे रहे।
इसी दौरान अचानक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार काे टक्कर मार दी। कार के अंदर बैठे सभी लोग घायल हो गए। हादसे में शिवपूजन की मौत हो गई। अनिरुद्ध, रामासरे, महेश, केदारी व दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बरेली पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक शिवपूजन का फाइल फोटो.