बीसलपुर/भीरा। भीरा थाना क्षेत्र के जगदेवपुर गांव निवासी एक युवक ने पीलीभीत के बीसलपुर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ने अपनी प्रेमिका की मौत के गम में यह कदम उठाया। 24 घंटे के भीतर गांव में दूसरी मौत से पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
बृहस्पतिवार दोपहर बिलसंडा मार्ग पर गांव मानपुर के पास पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र जगन्नाथ निवासी जगदेवपुर थाना भीरा के रूप में हुई। मनोज ट्रक चालक था। वह पंजाब से ट्रक लेकर लौट रहा था। दूसरी ओर परिजनों ने बताया कि वह पिकअप वाहन में हार्वेस्टिंग मशीन का सामान लेकर बंडा जा रहा था।
मृतक के भाई विशाल कुमार ने पुलिस को बताया कि मनोज का गांव की ही एक विवाहित महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे विवाह करना चाहता था, लेकिन महिला पहले से विवाहित थी। बताया गया कि महिला ने बुधवार शाम करीब चार बजे फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
बृहस्पतिवार को रास्ते में मानपुर के पास मनोज को फोन पर प्रेमिका की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद उसने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया। उसने मोबाइल फोन पर अपनी लोकेशन भेजी और फोन स्विच ऑफ कर लिया। लोकेशन के आधार पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि जांच में प्रेमिका की मौत के गम में आत्महत्या की बात सामने आई है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
मनोज के पिता की मौत करीब दो माह पहले हुई थी।