लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में सुगना फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की शाखा से 2.60 लाख रुपये का मुर्गा दाना लादकर निकला ट्रक चालक वाहन सहित लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी चालक और ट्रक का पता नहीं चला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
श्रावस्ती जिले के सुमेरपुर निवासी व कंपनी के स्थानीय शाखा प्रबंधक मोहित कुमार सिंह ने बताया कि आयशर ट्रक बीते 22 जनवरी को मुर्गा दाना लेकर अलग-अलग फर्मों पर सप्लाई देने के लिए निकला था। ट्रक में 106 बोरी मुर्गा दाना था। ट्रक को रिंकू राज निवासी बेरिनपुरवा, ओयल लेकर गया था। आरोप है कि चोरी करने की नीयत से उसने ट्रक और मुर्गा दाना लापता कर दिया।
इंस्पेक्टर सदर राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश और वाहन व मुर्गा दाना की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद