लखीमपुर खीरी। थाना नीमगांव के ग्राम पिपरा बुजुर्ग निवासी प्रियांशु ने सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही पैसों की मांग से तंग आकर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक छात्र प्रियांशु शुक्ला के पिता अशोक ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसका पुत्र वेदधाम वैदिक विद्यालय नैमिषारण्य में स्नातक का छात्र था, जो वहीं रहकर वैदिक शिक्षा का अध्ययन कर रहा था। बीती 29 अगस्त को उसके बड़े पुत्र शुभम को प्रियांशु के नंबर से आए फोन पर 21 हजार रुपयों की मांग की गई। इसके बाद कई बार बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी।
देर शाम शुभम के फोन पर आये फाेन ने प्रियांशु के लापता होने की बात कही। परिजन विद्यालय के लिए रवाना हुए, जहां पर आश्रम के ही विमल मिश्रा ने प्रियांशु का शव आश्रम के पीछे बाग में लटका होने की बात बताई। परिजन गए तो वहां पहले से मौजूद पुलिस ने शव को सील करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पीड़ित पिता ने बताया कि उसके पुत्र के फोन पर कुछ लोग रुपये मांगकर ब्लैकमेल कर रहे थे। इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।