रमियाबेहड़ (खीरी)। सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव में 18 वर्षीय बीए अंतिम वर्ष की छात्रा ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पड़ोसी नाबालिग मनचले पर लंबे समय से पीछा करने, छेड़छाड़, घर में घुसकर धमकाने और फोटो दिखाकर बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
छात्रा के पिता मजदूरी के लिए देहरादून में रहते हैं। घर में पत्नी, दो बेटे और बेटी रहते थे। मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला नाबालिग लड़का पिछले करीब एक वर्ष से उनकी बेटी का पीछा कर उससे छेड़छाड़ कर रहा था। बीते कुछ दिनों से उसकी हरकतें बढ़ गई थीं। आरोप है कि 26 जून की रात करीब एक बजे वह उनके घर पहुंचा और बेटी को परेशान करने लगा। परिजनों के पहुंचने पर विवाद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान लड़के ने कहा, मेरे पास उसकी फोटो हैं, मैं सबको दिखा दूंगा, तुम्हारी बदनामी करवा दूंगा। आरोप है कि इस दौरान उसके परिजन भी आ गए और झगड़ा करने लगे।
परिजनों का आरोप है कि नाबालिग लड़के, उसके भाई और उसकी मां की कथित प्रताड़ना व बदनामी के डर से बेटी ने शनिवार सुबह करीब चार बजे घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के चचेरे भाई का आरोप है कि नाबालिग लड़का उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव बना रहा था, जबकि बहन लगातार इसका विरोध करती रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने युवती के नहाते समय चोरी-छिपे उसके फोटो खींच लिए थे।
सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी निघासन शिवम कुमार और थाना प्रभारी सिंगाही दिलीप चौबे मौके पर पहुंचे और जांच की।
परिजनों की तहरीर पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। दोनों के घर पड़ोस में हैं। मामले की जांच की जा रही है।
-शिवम कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी