सुबह 10 बजे पड़ा भोग, दोपहर 2 बजे तक चली अरदास
तिकुनिया। बीते साल तीन अक्तूबर को हुई हिंसा में मारे गए किसानों की बरसी पर दूर-दराज से हजारों किसान कौड़ियाला गुरुद्वारा पहुंचे। मृतक किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए सभी ने अरदास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
गुरुद्वारे में सुबह दस बजे अखंड पाठ का भोग पड़ा। इसके बाद शबद कीर्तन हुए। बरसी में हिस्सा लेने के लिए रविवार शाम से ही कौड़ियाला गुरुद्वारे में किसानों का पहुंचना शुरू हो गया था। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत भी एक दिन पहले ही रविवार की शाम को लखीमपुर के हाथीपुर गुरुद्वारा पहुंचे थे, जहां रात्रि विश्राम कर सोमवार की सुबह वह सबसे पहले मारे गए पत्रकार रमन कश्यप के घर निघासन पहुंचे और उनके परिवार वालों से मुलाकात की। इसके बाद सुबह 11 बजे के करीब कौड़ियाला गुरुद्वारा पहुंचे और किसान नेता तेजेंद्र सिंह विर्क, भाकियू के यूपी उत्तराखंड प्रभारी बलजिंदर सिंह मान, जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह के साथ मारे गए किसानों के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। किसानों की बरसी व अरदास कार्यक्रम में महिलाओं की भी काफी भागीदारी रही।
क्षेत्रीय किसानों समेत पंजाब और उत्तराखंड से आए किसान
तिकुनिया। किसानों की बरसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिये पंजाब, उत्तराखंड समेत पड़ोसी जनपद बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर जिले के करीब तीन हजार किसानों ने भाग लिया। पंजाब से आए किसान रविंद्र सिंह, जग मनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, गार्गी बूटा सिंह सहित क्षेत्रीय किसान पूर्व प्रधान मलूक सिंह, काला सिंह, लखबीर सिंह, जैमल सिंह आदि मौजूद रहे। मारे गए किसानों के परिजन व जेल में बंद किसानों के परिजन से भी किसान नेताओं ने मुलाकात की। संवाद
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल
तिकुनिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बरसी कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाई। इस दौरान कौड़ियाला गुरुद्वारा रोड पर भारी भरकम पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, तिकुनिया से बनवीरपुर व तिकुनिया से कौड़ियाला गुरुद्वारा तक जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल को तैनात किया गया था। आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने भी मौका मुआयना किया। बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था में 300 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवान तैनात रहे। संवाद
बरसी कार्यक्रम में सपा नेता भी पहुंचे, दी श्रद्धांजलि
तिकुनिया। मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए सपा का एक प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा, जिसमें राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा, जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव, अर्पित कुशवाहा, ओंकार सिंह, भंडारी यादव, धनीराम मौर्य समेत क्षेत्रीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद