लखीमपुर। कई दिनों से हजारों लोग भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से दिक्कतें झेल रहे थे, बृहस्पतिवार की देर शाम उनकी दिक्कतें और बढ़ गईं। आंधी ने जिलेभर में बिजली व्यवस्था ध्वस्त कर दी। कई बिजलीघर की लाइनें ब्रेकडाउन में चली गईं। लखीमपुर शहर में ब्लैक आउट हो गया। सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए।
जिले में आंधी से जगह-जगह पेड़ उखड़ गए हैं और पेड़ों के बिजली की लाइनों पर गिरने से तार टूट गए। बिजली विभाग को बड़ा नुकसान हुआ है। जहां-जहां बिजली लाइनों पर पेड़ गिरे हैं, वहां शुक्रवार तक बिजली दुरुस्त कराने के लिए कर्मचारी जुट गए हैं। धूल भरी आंधी आने से सड़कों पर ट्रैफिक जहां का तहां रुक गया। सिकंदराबाद क्षेत्र के अवर अभियंता शिवम पांडे ने बताया कि कई जगह खंभे और तार टूट गए हैं। इसलिए रात में सप्लाई मिलना मुश्किल हो जाएगा। विधिवत चेकिंग के बाद ही सप्लाई बहाल होगी।
आंधी से करीब दो सौ से अधिक गावों की बिजली गुल हो गई। उचौलिया क्षेत्र में मोहम्मदी-जेबीगंज क्षेत्र में 33केवीए लाइन में खराबी आने से दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। एसडीओ मोहम्मदी शुभम मौर्य ने बताया कि लाइन पर कई जगह पेड़ गिरे हैं, इससे सप्लाई बाधित हो गई। कर्मचारियों को लगाया गया है।
बेहजम क्षेत्र में भी कई जगह आंधी से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई। मैलानी में तेज हवाएं चलीं। गोला से आने वाली मेन लाइन में फॉल्ट के चलते बिजली ठप हो गई। कर्मचारी फॉल्ट खोजने में जुटे हैं। इधर, लखीमपुर डिवीजन के अधिशासी अभियंता शैलेश ने बताया कि आंधी की वजह से सभी फीडरों को बंद कर दिया है। आंधी रुकने के बाद ही मालूम होगा कि कहां-कहां ज्यादा दिक्कत हुई है।
पहाड़नगर गांव में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक गिरा, दो घायल
बांकेगंज। आंधी से पहाड़नगर गांव में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक की टंकी उड़कर मकान पर जा गिरी। टंकी गिरने से दो लोग गंभीर घायल हो गए। दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ब्लॉक क्षेत्र की पहाड़नगर पंचायत के गांव पहाड़नगर में जल जीवन मिशन योजना के तहत तीन करोड़ रुपये की लागत से पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। लोगों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। जिस पर स्टील की टंकी रखी है। बृहस्पतिवार शाम छह बजे के करीब आई तेज आंधी से ओवरहेडटैंक के पिलर पर रखी स्टील की टंकी की सेफ्टी बेल्ट टूट गई और टंकी पड़ोस के मकान पर जा गिरी। जिससे मकान के बाहर बैठे 70 वर्षीय रमेसुर और 65 वर्षीय परदेसी गंभीर घायल हो गईं।
दोनों के सिर में गंभीर जख्म होने से परिजन उन्हें इलाज के लिए लखीमपुर ले गए हैं। इसके अलावा महेंद्र का पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। रिंकू के घर में पड़ा छप्पर तहस-नहस हो गया। तेज धमाके के साथ टंकी गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से निकलकर सुरक्षित जगह की ओर भागे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस समेत जल निगम के अधिकारियों को दी है।
कार्यदायी संस्था की लापरवाही से हुआ हादसा
पहाड़नगर के ग्रामीणों के मुताबिक गांव में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक के पिलर पर रखी स्टील टंकी की सेफ्टी बेल्ट ठीक से नहीं कसी गई थी, इस वजह से आंधी में टंकी मकानों पर गिर पड़ी। आरोप है कि कार्यदायी संस्था के कर्मचारी गांव में ओवरहेड टैंक के निर्माण और बिछाई जा रही पाइप लाइन में लापरवाही बरत रहे हैं। ग्रामीणों ने हादसे की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
-
आंधी से पहाड़नगर गांव में निर्माणाधीन ओवरहेड टैंक के पिलर पर रखी स्टील की टंकी गिरने की सूचना मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी।
-अमरकांत अवस्थी,जेई, जल निगम।