भीरा-पलिया के बीच ट्रैक का ट्रायल करता इंजन
मैलानी। भीरा और पलिया कलां के बीच बारिश से क्षतिग्रस्त ट्रैक को दुरुस्त कर इंजन चलाकर ट्रैक का ट्रायल भी कर लिया गया है। एकाध दिन में ही मैलानी-नानपारा रूट पर ट्रेनें चलना शुरू हो जाएंगी।
बारिश और बनबसा बांध से छोड़े गए पानी के तेज बहाव से मीटरगेज के मैलानी-नानपारा खंड के भीरा और पलियाकलां स्टेशनों के बीच अतरिया क्रॉसिंग के पास ट्रैक का मैटीरियल बह जाने से साठ-सत्तर मीटर की दूरी में रेल पटरी हवा में झूल गई थी। इस कारण आठ जुलाई से इस खंड पर ट्रेनों का संचालन बंद चल रहा है।
रेलकर्मियों ने ट्रैक को दुरुस्त कर बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे इंजन गुजारकर ट्रैक का ट्रायल किया, जोकि सफल रहा। शुक्रवार को ट्रैक की पैकिंग का काम किया गया। लिहाजा अब एकाध दिन में ही इस खंड पर फिर से ट्रेनें दौड़ने लगेंगी।
लंबे समय बाद यात्रियों को मिलेगी राहत
मैलानी। मैलानी-नानपारा रूट पर पिछले तीन माह से अधिक समय से रेल यातायात बंद चल रहा है। जिससे इस मार्ग के यात्रियों को आवागमन कठिनाइयों के साथ ही बसों में अधिक पैसे खर्च करने के साथ ही खतरा भी बना रहता था। ट्रेनें शुरू हो जाने पर यात्रियों को खासी राहत मिलेगी।