रेलवे प्रशासन ने घने कोहरे का हवाला देते हुए तीन ट्रेनों के निरस्तीकरण की अवधि चार जनवरी तक बढ़ा दी है।
पहले रेल प्रशासन ने कोहरे का हवाला देते हुए 11 से 13 दिसंबर तक छह ट्रेनों का संचालन बंद किया था। उसके बाद तीन अन्य ट्रेनों का संचालन भी घने कोहरे का हवाला देते हुए तीन-तीन दिनों की निरस्तीकरण अवधि बढ़ाते हुए अब चार जनवरी कर दी है। 52240/52239 ऐशबाग-तिकुनियां-ऐशबाग पैसेंजर ट्रेन का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। शुरू में इस ट्रेन का संचालन मैलानी से ऐशबाग के बीच हो रहा था। इस ट्रेन से तिकुनियां से देवकली तक के लोग जिला मुख्यालय सुबह पहुंच जाते थे। इसी तरह 11 दिसंबर से बंद चल रही 52225/52224 पीलीभीत-लखीमपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन से भी लखीमपुर से पीलीभीत तक दैनिक यात्री यात्रा करते थे। इसकी निरस्तीकरण अवधि भी चार जनवरी तक कर दी गई है। 52243 तथा 52244 इज्जतनगर-ऐशबाग-इज्जतनगर पैसेंजर ट्रेन का संचालन सिर्फ मैलानी-इज्जतनगर के बीच ही हो रहा है और मैलानी-ऐशबाग के बीच इस ट्रेन का संचालन बंद है। छात्र-छात्राओं और दैनिक यात्रियों ने रेल प्रशासन से इन ट्रेनों का संचालन पूर्ववत शुरू करने की मांग की है।