लखीमपुर खीरी। लखीमपुर-सीतापुर रेल प्रखंड पर राजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक किशोर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक युवक प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला था। वह कई सालों से अपने फूफा के घर पर रह रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
बुधवार की सुबह रेल पटरी पर शव पड़ा देखे जाने से हड़कंप मच गया। तमाम लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। सूचना पर सदर कोतवाली की राजापुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पटरी से उठवाकर किनारे कराया और शिनाख्त करने की कोशिश में जुट गई। काफी देर बाद शव की शिनाख्त मोहल्ला बाजपेई कॉलोनी निवासी सर्वज्ञ मेहरोत्रा (17) के रूप में हुई। राजापुर चौकी इंचार्ज अवधेश शुक्ला ने बताया कि मृतक सर्वज्ञ मेहरोत्रा मूलरूप से प्रतापगढ़ के हनुमंतनगर का निवासी है। वह कई सालों से मोहल्ला बाजपेई नगर निवासी अपने अपने फूफा संजय कपूर के घर पर रहता था। सूचना पर पर मौके पर पहुंचे रिश्तेदार शव देखकर विलख पड़े। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।