बोले, नियमों का करें पालन, बिना हेलमट न चलाए वाहन
हीरालाल धर्मशाला चौराहा पर एसपी अखिलेश चौरसिया ने फीता काटकर यातायात माह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो रही हैं। इसलिए चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं और खासतौर पर दोपहिया चालक हेलमेट लगाकर ही चलें। इस दौरान पंफलेट बांटकर लोगों को जागरूक किया गया।
एसपी ने कहा कि जिले में सर्वाधिक मौत सड़क दुर्घटनाओं से हो रही हैं। इसके पीछे यातायात नियमों का पालन न करना मुख्य वजह है। यातायात पुलिस हर साल नवंबर माह में यातायात माह चलाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करती है। सीओ सिटी/यातायात क्षेत्राधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल का कतई इस्तेमाल न करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाएं। ट्रैफिक संकेतकों और नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। इस मौके पर प्रभारी यातायात संजय कुमार सिंह, सदर कोतवाल दीपक शुक्ल, एसएसआई प्रदीप कुमार समेत स्वयंसेवी संस्थाओं के अलावा तमाम अन्य लोग मौजूद रहे।