संकटा देवी मार्ग पर जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
लखीमपुर खीरी। साल के पहले दिन शहरवासियों को सुबह से ही भीषण जाम का सामना करना पड़ा। शहर के बीचोंबीच स्थित संकटा देवी मंदिर के बाहर दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि लोग घंटों तक वाहनों में फंसे रहे। इसी जाम में एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
उधर रेलवे स्टेशन के बाहर से लेकर फ्लाईओवर के ऊपर तक ट्रैफिक पूरी तरह ठप रहा। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब फ्लाईओवर की दूसरी ओर रानीगंज की तरफ नगर पालिका द्वारा सफाई कार्य के चलते रास्ता बंद कर दिया गया। इससे दोपहर बाद तक यातायात व्यवस्था चरमरा गई और लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। संवाद