तिकुनियां। बनवारीपुर में निर्माणाधीन नाले की खोदाई के दौरान मिट्टी को सड़क पर छोड़ दिए जाने से यातायात बाधित हो रहा है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माणाधीन नाले के पास पिछले 15 दिनों से सड़क पर मिट्टी का अंबार लगे होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिससे वहां रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। आस-पास के लोगों ने बताया कि नाला निर्माण के बाद मिट्टी के ढेरों को सड़क से हटा लिया जाना था, लेकिन अभी तक इसे साफ नहीं किया गया। इसको लेकर जिम्मेदार अधिकारी बेखबर बने हुए हैं। ग्राम प्रधान आकाश मित्तल ने बताया कि मिट्टी हटवाने को लेकर ठेकेदार से कहा गया, लेकिन अभी तक मिट्टी नहीं हटाई गई है। तराई विकास संस्थान के महामंत्री सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही मिट्टी न हटाई गई तो वे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे।