पलिया में एक्सईएन को ज्ञापन सौंपते व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
पलियाकलां। नगर व्यापार मंडल पलिया मिश्रा गुट के व्यापारी पदाधिकारियों ने सोमवार को एक्सईएन कार्यालय में जाकर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई है।
नगर व्यापार मंडल पलिया मिश्रा गुट के पदाधिकारियों ने एक्सईएन निशांत ज्योति को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि शासन के 18-21 घंटे के रोस्टर के मुताबिक बिजली पलिया में उपलब्ध नहीं हो रही है। यहां केवल 10-12 घंटे ही बिजली मिल रही है। उसमें कई बार कटौती भी की जा रही है।
शेर सिंह चौराहा समेत अन्य मोहल्लों में ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या रोज आ रही है, जिससे कई बार शटडाउन लेना पड़ता है। ज्ञापन में बिजली व्यवस्था सही न होने पर अन्य संगठनों के साथ आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई है। इस दौरान नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्रा, महामंत्री चांद कुमार जैन, तहसील अध्यक्ष बलराम गुप्ता, युवा व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष उदयवीर सिंह, राजीव गुप्ता, आशीष अग्निहोत्री, जफर अहमद टीटू, अंकित अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद