फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: खाई में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो कांवड़िये हुए घायल

विज्ञापन
जेसीबी से ट्रेक्टर ट्राली निकालते पुलिसकर्मी
विज्ञापन
मितौली। कस्ता-सीतापुर रोड पर संडिलवा गांव मोड़ के पास कांवड़ियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो कांवड़ियों को चोट आई है। हादसे की वजह से कस्ता-सीतापुर मार्ग पर करीब 30 मिनट आवागमन बाधित रहा।सीतापुर जिले के सलेमपुर अलीरजा गांव से एक ट्रैक्टर में दो ट्रॉली जोड़कर 70 कांवडि़यों का एक जत्था गोला गोकर्णनाथ जलाभिषेक करने गया था। सोमवार की सुबह गोला से वापस लौटते समय कस्ता-सीतापुर मार्ग पर संडिलवा गांव मोड़ के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
विज्ञापन

बताते हैं कि चालक को झपकी आने की वजह से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गया और खाई में जा घुसा। सूचना मिलते ही डायल 112, थाना पुलिस व सीओ मितौली सुबोध कुमार जायसवाल घटनास्थल पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कांवडि़यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में सलेमपुर अलीरजा निवासी कांवडि़या नीरज कुमार व ट्रैक्टर चालक फिरोजपुर निवासी सुशील को चोट आई है। चालक सुशील ने एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। गंभीर रूप से घायल नीरज कुमार मितौली सीएचसी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। खाई में घुसे टैक्टर-ट्रॉली को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला जा सका।


सजग नहीं जिम्मेदार, कांवड़िये हो रहे हादसे का शिकार

20 दिन में सड़क हादसे में कई कांवड़िये हादसे का शिकार हो चुके हैं, जबकि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सड़क हादसों के संबंध में सावन की शुरुआत में ही निर्देश जारी किए जा चुके हैं। परिवहन आयुक्त ने माल वाहक वाहनों से कांवड़ यात्रा न निकाले जाने को कहा था। कांवड़ यात्रा समितियों से बात करने, कांवडि़योंं को जागरूक करने और नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई की बात कही थी। कांवड़ यात्रा के समय नियमों का पालन करने और मालवाहक वाहन से सफर न करने की सीख देने को कहा गया। पुलिस महकमे को भी निर्देश मिले थे, बावजूद इसके सड़क हादसों में कई कांवड़िये चोटिल हो चुके हैं।
विज्ञापन


हादसे कई, चोटिल हुए कांवड़िये और जान भी गई
सावन के दूसरे सोमवार को गोला से सिकंदराबाद रोड पर पिकअप पलट जाने से चार कांवडिये चोटिल हुए थे। सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना क्षेत्र निवासी कांवडिया गोला गोकर्णनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करने गए थे। बीते मंगलवार को कफारा के लीलानाथ मंदिर से वापस आ रहे सहजदिया निवासी कांवडिया तीरथ की हादसे में मौत हाे गई। तीरथ, ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया था।
मैगलगंज के बख्तियारपुर निवासी मुकेश भी कांवड़े ले जाते समय बाइक से टकराकर घायल हो गए। शनिवार की रात कांवड़ लेकर जा रहा मझगई निवासी 12 वर्षीय रितेश भी हादसे का शिकार हुआ। बोझवा के साई मंदिर के पास ट्रॉली से नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई।




लागू किया गया है रूट डायवर्जन
एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सुरक्षित सफर के बारे में बताया भी जा रहा है। इस संबंध में अधिक जानकारी यातायात सीओ से ली जा सकती है।



पढ़ाया गया जागरूकता का पाठ, कार्रवाई भी हुई

एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने बताया कि मालवाहक वाहनों से आवागमन पर रोक है। इस संबंध में कांवड़ यात्रा समितियों से बात की गई है। रास्ते में कांवडि़यों को भी समझाया जाता है। नियमों का पालन करने से हादसे पर रोकथाम लगेगी। मालवाहक वाहनों पर कार्रवाई भी की गई है।

जेसीबी से ट्रेक्टर ट्राली निकालते पुलिसकर्मी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें