डीएम को ज्ञापन देने जाते व्यापारी
लखीमपुर खीरी। ऑन लाइन ट्रेडिंग को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। इसके विरोध में मंगलवार को व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा।
लखीमपुर उद्योग व्यापार मंडल कंछल गुट जिलाध्यक्ष विनोद मिश्रा के नेतृत्व में मंगलवार को तमाम व्यापारी कलक्ट्रेट पहुंचे। सभी ने ऑनलाइन ट्रेडिंग का विरोध कर इसकी खामियां बताई। बताया कि देश के करीब सात करोड़ व्यापारी 35 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रहे हैं, जबकि ऑनलाइन ट्रेडिंग से व्यापारियों की संख्या सिमट कर सिर्फ लाखों में रह जाएगी।
एक तो इससे रोजगार कम होंगे और दूसरे सरकार को कई बिंदुओं पर राजस्व का लाभ नहीं मिलेगा। साथ ही व्यापारियों ने उद्योग बंधु की बैठक के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को ज्ञापन भेजकर मैलानी पीलीभीत रेलमार्ग को जोड़ने, ऐशबाग मैलानी के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग संबंधी ज्ञापन भेजा। संजय अग्रवाल, अशोक गुप्त, प्रकाश गुप्त, मीनू गुप्ता, रश्मि महेंद्र, रूपाली शुक्ला, सुमित मिश्र, शशांक वैश्य, आशीष अग्रवाल, अर्जित अग्रवाल, माला शास्त्री आदि मौजूद रहे।