पलिया कोतवाली में हंगामा करते व्यापारी।
पलियाकलां। नाबालिग किशोरी का शव मिलने के मामले में व्यापारी के समर्थन में व्यापार मंडल व अन्य व्यापारी खड़े हो गए। शनिवार को भारी संख्या में व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया।
बुधवार को व्यापारी शंकर गोयल के घर पर काम करने वाली 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का शव फंदे से लटका मिला था। पीएम में हैंगिंग आने पर परिजनों ने आपत्ति को देखते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया था। दूसरी रिपोर्ट में भी हैंगिंग आने के बाद शुक्रवार देर रात मोहल्ला बरबंडा में ही शव को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में दफन कराया गया। शनिवार सुबह भारी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और हंगामा शुरू किया। व्यापारियों का कहना था कि मामले में जिन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है, वे निर्दोष हैं और घर पर मौजूद भी नहीं थे। इसके बाद भी उनको बेवजह फंसाया गया। व्यापारियों और पुलिस की नोंकझोंक भी हुई।
सीओ आदित्य कुमार व गौरीफंटा कोतवाल अनिल कुमार ने व्यापारियों को समझाया। सीओ ने कहा कि निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी को ही सजा होगी, निर्दोष बरी किए जाएंगे। व्यापारियों ने एक लिखित पत्र भी दिया है। जिसमें पीएम रिपोर्ट का हवाला देते हुए न्याय दिलाने की मांग की गई है। इस दौरान नगर व्यापार मंडल मिश्रा गुट, नगर व्यापार मंडल कंछल गुट के पदाधिकारियों समेत भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
पलिया कोतवाली में हंगामा करते व्यापारी।