लखीमपुर खीरी। बेतहाशा गर्मी और बरसात के चलते सब्जियों के दाम में इजाफा हुआ है। कुछ दिन पहले जिस टमाटर के दाम चालीस रुपये किलो तक था, आज सौ से लेकर 120 रुपये तक पहुंच गए हैं। अदरक के दाम तो आसमान छू रहे हैं, वहीं मौसमी सब्जियों के दाम भी कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं।
बीते करीब 25 दिनों से सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। आलू से लेकर टमाटर और लहसुन से लेकर अदरक तक के दाम बढ़ गए हैं। मौजूदा समय में टमाटर सौ से लेकर 120 रुपये किलो तक में बिक रहा है जबकि अदरक के दाम तीन सौ के पार हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस समय टमाटर की आवक कम है, जिसके चलते दामों में बढ़ोतरी हुई है। बाजार में नये आलू की कीमत चालीस रुपये किलो तक हो गई है, जबकि दूसरा आलू बीस रुपये में बिक रहा है।
सब्जियों में खुशबू और स्वाद बढ़ाने के लिए पड़ने वाले हरे धनिये के दाम भी सौ रुपये के पार पहुंच गए हैं। बाजार में कद्दू, लौकी, तोरई भी चालीस से कम में नहीं रही। कुछ दिनों पहले यही सब्जियां दस रुपये से लेकर बीस रुपये तक बिक रही थी।