दुधवा बैरियर पर टोकन देने के लिए तैनात पुलिस बल। संवाद
गौरीफंटा। दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर स्पीड नियंत्रण के लिए गौरीफंटा कोतवाली पुलिस ने रविवार को दुधवा बैरियर पर समय अवधि को लेकर वाहनों को रोककर टोकन दिए। चालकों को स्पीड पर नियंत्रण रख जंगल मार्ग से गुजरने को कहा।
फरवरी में गौरीफंटा बॉर्डर की ओर से गई एक टैक्सी कार से टकराकर राज नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पास एक बाघ की मौत हो गई थी। इसके बाद दुधवा-गौरीफंटा मार्ग पर वाहनों के स्पीड नियंत्रण को लेकर दुधवा बैरियर से बनकटी तक करीब 18 किलोमीटर की दूरी 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से कुल 45 मिनट में तय करने के लिए दोनों तरफ से वाहनों को टोकन दिए जा रहे थे।
इधर, कुछ दिनों से वाहनों को टोकन देना बंद कर दिया गया था। इसी को लेकर रविवार की सुबह गौरीफंटा पुलिस के एसआई समेत कई सिपाहियों ने दुधवा बैरियर पर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर टोकन दिए और वाहनों को स्पीड नियंत्रित कर चलाने पर जोर दिया। इस दौरान बैरियर पर अस्थायी वनकर्मियों के अलावा कोई भी अधिकारी व वनकर्मी मौजूद नहीं दिखाई दिया। संवाद