अस्पताल रोड से शुरू होगा अतिक्रमण हटाओ अभियान, सदर एसडीएम करेंगे अभियान का नेतृत्व
शहर को अतिक्रमण के चंगुल से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सदर एसडीएम के नेतृत्व में पालिका प्रशासन शनिवार से जिला अस्पताल रोड से अभियान की शुरूआत करेगा। इसके बाद सभी प्रमुख सड़कों का भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। चार सड़कों पर वन वे रूट भी निर्धारित हो गया है।
शहर की सभी सड़कों पर अतिक्रमण है। कहीं पर स्थाई तो कहीं पर अस्थाई। कुछ लोगों ने अपनेे मकान और दुकानों के आगे ठेले आदि लगवाकर उनसे कमाई करनी शुरू कर दी है। अवैध ठेलों के कारण सड़कों की चौड़ाई आधी हो गई हैं, जिससे लोगों का पैदल तक निकलना दुश्वार हो रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत संकटा देवी, अस्पताल रोड, मेन रोड और कचहरी रोड पर है। इन सड़कों पर दुकानदारों ने ही अतिक्रमण कर रखा है, जो आए दिन जाम का कारण बनता है। हालांकि इस बार डीएम के निर्देश पर तहसील और पालिका प्रशासन ने शहर को अतिक्रमण के चंगुल से मुक्त कराने के लिए विधिवत तैयारी करके रूट प्लान भी निर्धारित किया है। शनिवार को इसी के तहत अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का हंटर चलेगा।
इन सड़कों को किया जाएगा अतिक्रमण मुक्त
पालिका के अमित सोनी का कहना है कि शहर के सभी प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलेगा। इसके लिए संकटा देवी से सदर चौराहा और हीरालाल धर्मशाला चौराहा, सदर चौराहा से संकटा देवी चौराहा जाने वाली रोड, जिला अस्पताल रोड, गांधी विद्यालय चौराहा से हीरालाल धर्मशाला और यहां से हमदर्द तिराहा होते हुए कचहरी तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।
शहर की चार सड़कें वन वे घोषित
मेन रोड़, अस्पताल रोड, संकटा देवी रोड और कोतवाली रोड को वन वे घोषित हुई हैं। अब संकटा देवी से चार पाहिया वाहन सदर चौराहा नहीं आ सकेंगे। इन वाहनों को स्टेशन रोड से ओवरब्रिज होकर सदर चौराहा आना होगा और यहां से यह संकटा देवी व जिला अस्पताल की ओर जा सकेंगे। जिला अस्पताल से सदर चौराहा आने वाले चार पहिया वाहनों को गुरू गोविंद सिंह चौक से होकर हीरालाल धर्मशाला होकर आना होगा। वहीं हमदर्द तिराहा से चार पहिया वाहन सदर चौराहा तो आ सकेंगे, लेकिन सदर चौराहा से हमदर्द तिराहा नहीं जा सकेंगे। वन वे का समय सुबह आठ बजे से लेकर शाम आठ बजे तक लागू होगा।
एसडीएम ने चेताया कहा हटा लिए जाए अतिक्रमण
सदर एसडीएम ने शुक्रवार की शाम को पुलिस और पालिका प्रशासन के साथ अस्पताल रोड का भ्रमण किया। उन्होंने रोड के किनारे दुकान लगाने वालों से रात तक अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने पटरी दुकानदारों को चेताया कि सुबह तक अतिक्रमण हटा लें अन्यथा शनिवार की सुबह प्रशासन की ओर हटाकर जुर्माना भी वसूला जाएगा।
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए व्यापारियों और शहर वासियों को भी आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि शनिवार से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलेगा और उसके बाद अतिक्रमण मिलने पर संबंधित से दो हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
नागेंद्र सिंह, सदर एसडीएम