भाजपा सांसद अजय मिश्र बीमा सुरक्षा योजना से जुड़ने वाली महिलाओं और लड़कियों की किश्त अदा कर उन्हें रक्षाबंधन की भेंट देंगे। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों और सदस्यों से महासंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
वह सरस्वती शिशु मंदिर में पार्टी के पलिया विधानसभा पदाधिकारियों और सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। कहा कि खीरी संसदीय क्षेत्र से ज्यादा से ज्यादा बहनों को प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना से जोड़ा जाए। बताया कि इस योजना में दो लाख रुपये का बीमा निर्धारित है, जिसकी 12 रुपये की प्रीमियम राशि है। रक्षाबंधन पर्व पर जो भी इस योजना से जुड़ेगा वह उसकी किश्त अदा करेंगेे। इसके अलावा उन्होंने चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान को और भी तेज किए जाने का आह्वान किया। कहा कि मानसून सत्र में लोकसभा में विपक्षी दल कांग्रेस ने बाधा पैदा की, जिससे तमाम योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। कहा कि केंद्र सरकार की बढ़ती लोकप्रियता को देख कर विपक्षी पार्टियां घबरा गईं हैं और अनर्गल बयानबाजी के साथ विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने का काम कर रही हैं। इसके अलावा बैठक को कनकपाल राना, अरविंद सिंह संजय, राजीव शुक्ला, कृष्णा भैया, दीपक तलवार आदि ने भी संबोधित किया। संचालन विकास गुप्ता ने किया। ऋषिकेश सिंह, इंद्रजीत सूरी, गुरमीत मिश्रा, शिवपाल, सतीश चौधरी, अरुन तिवारी, उदयवीर सिंह, शशि शुक्ला, मनोज गुप्ता, नौबत सिंह, मनोहर, विजय गुप्ता, आरडी राय, समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।