जिला अस्पताल ब्लड बैंक में प्रात: 10 बजे से लगेगा शिविर
पितृ विसर्जन के बाद शुभ कार्यों की शुरुआत नवरात्र से हो रही है। आप भी रक्तदान करके शुभ कार्य की शुरुआत करते हुए किसी को जीवनदान दे सकते हैं। यदि आपके थोड़े से रक्त से किसी की जान बच जाए तो इससे बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। इसके लिए मन में एक मजबूत संकल्प की जरूरत है। खास बात यह है कि इस महादान की आहुति देने वालों के स्वास्थ्य पर भी कोई फर्क नहीं पड़ता है। समाज में फैली भ्रांतियों पर न जाकर पुण्य के साथ लाभ कमाएं।
अमर उजाला फाउंडेशन और जिला अस्पताल के सहयोग से जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में एक अक्तूबर को रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर लगेगा। तमाम लोगों ने इसमें शामिल होने की इच्छा जाहिर की है। तमाम लोगों ने पहले से अमर उजाला कार्यालय में फोन कर अपना पंजीयन भी कराया है। मदद करने वाली संस्थाएं भी इसमें शामिल हो सकती हैं। यह शिविर सुबह दस बजे से दोपहर बाद दो बजे तक चलेगा। शिविर में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
रक्तदान में ख्याल रखें
खाली पेट रक्तदान न करें, ज्यादा खाकर भी न करें, एक साल में केवल तीन बार रक्तदान करें
डीएम ने भी किया आह्वान
डीएम आकाशदीप ने आह्वान किया है कि रक्तदाता जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान कर अपनी सहभागिता निभाएं। उनके खून के दान करने से किसी की जिन्दगी को नया जीवन मिल सकता है, इसलिए इसमें बढ़चढ़कर भाग लेना चाहिए।
एसपी ने कहा, पुलिस कर्मी बढ़चढ़कर लें हिस्सा
एसपी अखिलेश चौरसिया ने रक्तदान शिविर में भाग लेने के लिए पुलिस कर्मियों का आह्वान किया है कि वे बढ़चढ़कर इसमें हिस्सा लें और रक्तदान कर पुनीत कार्य करें। उन्होंने पुलिस लाइंस के जवानों को शिविर में रक्तदान के लिए भेजने का भी निर्देश दिया है।
18 से 50 वर्ष तक की आयु के लोग रक्तदान कर सकते हैं। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति तीन माह में एक बार रक्तदान कर सकता है। लोग सोचते हैं रक्तदान से शरीर में खून की कमी हो जाती है। शरीर कमजोर पड़ जाता है। यह महज भ्रांति है।
-डॉ रामनाथ, ब्लड बैंक प्रभारी