फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टायर फटने से तालाब में जा गिरा मौरंग भरा ट्रक

Tue, 08 Dec 2015 10:38 PM IST
लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर से सटे ग्राम पिपरिया में सोमवार को आधी रात के बाद हमीरपुर से मौरंग लादकर आ रहा ट्रक टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में जा गिरा। तालाब गहरा होने के कारण वह धंसता चला गया और पानी के ऊपर सिर्फ पहिए रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच घंटे ऑपरेशन चलाकर क्रेनों की मदद से डूबे ट्रक को बाहर निकाला। इसमें ट्रक की स्टेयरिंग में फंसा एक शव पुलिस को मिला, जो क्लीनर का बताया जा रहा है, लेकिन चालक का कुछ भी पता नहीं चल सका। उधर सीतापुर रोड का रूट डायवर्जन होने के कारण लखनऊ रूट का यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन

जिला सीतापुर के कसबा लहरपुर निवासी ट्रक मालिक कमाल अहमद ने बताया कि उनका ट्रक संख्या यूपी 34 टी/8165 सोमवार की रात हमीरपुर से लखीमपुर के लिए रवाना हुआ था। इसमें चालक रिजवान अली निवासी तंबौर और क्लीनर 26 वर्षीय गुफरान पुत्र अशफाक निवासी मुलही सरैंया थाना खैराबाद जिला सीतापुर गए थे। उन्हें सूचना मिली कि सोमवार रात करीब दो बजे लखीमपुर से सटे ग्राम पिपरिया में टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया तोड़ते हुए सड़क के किनारे तालाब में पलट गया है, जिस पर वह यहां आए हैं, लेकिन उनके ट्रक ड्राइवर का कुछ भी पता नहीं चला है। इधर शहर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रात करीब दो बजे ट्रक का टायर फटने की आवाज सुनकर लोग डर गए और घरों से बाहर निकलकर देखा तो ट्रक पानी में डूबा हुआ था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना एलआरपी पुलिस चौकी पर दी। सूचना पर सीओ सिटी समेत पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर ट्रक को निकालने का प्रयास किया लेकिन मौरंग से भरा ट्रक पानी में बुरी तरह से धंस गया था। इसके बाद पुलिस को दूसरी क्रेन भी मंगानी पड़ी। दो क्रेनों की मदद से लगभग पांच घंटे बाद ग्रामीणों की मदद से आपरेशन चलाया गया। इसके बाद ट्रक बाहर निकाला गया। ट्रक में स्टेयरिंग के पास फंसा हुुआ एक शव मिला। ट्रक मालिक ने मृतक की पहचान क्लीनर गुफरान (26) के रूप मेें की है, जबकि पूरा तालाब गोताखोरों की मदद से खंगलवाने के बाद भी चालक का पता नहीं चल सका है। उन्होंने आशंका जताई कि हो सकता है कि चालक कूदकर अपनी जान बचाकर भाग गया हो। फिलहाल उसका पता लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर मृतक के परिवार के लोग भी आ गए हैं। फिलहाल चालक की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें