मैलानी। रेलवे ने त्योहारों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन की समय सारिणी जारी कर दी। ट्रेन सात, 14 और 21 नवंबर को रामनगर से चलेगी। इससे उत्तराखंड, पीलीभीत, खीरी और सीतापुर में काम करने वाले बिहार के प्रवासी मजदूरों को छठ पर घर जाने में सुविधा होगी।
इज्जतनगर के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन के मुताबिक, गाड़ी संख्या 05080 रामनगर-पाटलिपुत्र सात, 14 और 21 नवंबर को सुबह 05:50 बजे रामनगर से रवाना होगी। यह काशीपुर, बाजपुर, लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा जंक्शन, पीलीभीत और पूरनपुर से 12:25 बजे छूटकर मैलानी पहुंचेगी। यहां से 14:10, गोला गोकर्णनाथ से 14:32, लखीमपुर से 15:02 और सीतापुर जंक्शन से 16:00 बजे रवाना होगी। रविवार सुबह 07:35 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05079 आठ, 15 और 22 नवंबर को सुबह 09:45 बजे पाटलिपुत्र से रवाना होगी। सोमवार को सीतापुर जंक्शन से 02:30, लखीमपुर से 03:25, गोला गोकर्णनाथ से 03:55, मैलानी से 04:25 पहुंचेगी। दोपहर 12:35 बजे रामनगर पहुंचेगी।
ट्रेन में सामान्य श्रेणी के चार, शयनयान के तीन, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के दो, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, चेयरकार के तीन, एसी चेयरकार का एक, एलएसएलआरडी का एक और ब्रेकवान का एक कोच लगाया जाएगा।