अब सुनवाई छह सितंबर को होगी
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा से जुड़े क्रॉस केस मामले में सोमवार को सुनवाई एक बार फिर आगे बढ़ गई है। सोमवार को जिला जज के अवकाश पर रहने के कारण डिस्चार्ज एप्लीकेशन पर बहस नहीं हो सकी।
प्रभारी जिला जज सुनील वर्मा ने सुनवाई के लिए 6 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है। तिकुनिया हिंसा के क्रॉस केस मामले में जेल में बंद चारों आरोपियों की ओर से चार्जशीट और एसआईटी की कार्रवाई को चुनौती देते हुए डिस्चार्ज प्रार्थना पत्र पेश किया गया है, जिस पर पिछली सुनवाई के दौरान अधिवक्ता संघ की हड़ताल होने के कारण कार्यवाही आगे बढ़ गई थी।
राज्य सरकार की ओर से एडीजीसी शिव गोविंद राठौड़ ने आपत्ति दाखिल की है। आरोप तय करने को लेकर केवल बहस की प्रक्रिया बाकी है। सोमवार को जिला जज के अवकाश पर रहने के कारण मामले की अगली सुनवाई 6 सितंबर तय की गई है।
तिकुनिया हिंसा के मामले में सुनवाई कल
लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा मामले में जिला जज अदालत में बुधवार को सुनवाई लगी है। इसमें आरोप तय करने को लेकर बहस चल रही है।
बचाव पक्ष की ओर से दी गई डिस्चार्ज एप्लीकेशन में आशीष मिश्र मोनू सहित 12 आरोपियों ने यह अर्जी दे रखी है कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाए जाने भर का कोई सबूत नहीं है तो राज्य सरकार की ओर से इसकी आपत्ति दाखिल की गई है। पिछली तिथियों पर आशीष मिश्र मोनू, सुमित जायसवाल सहित सात आरोपियों की ओर से बहस हो चुकी है। केवल अंकित दास, सत्यम त्रिपाठी, नंदन सिंह बिष्ट, लतीफ उर्फ काले की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह गौड़ ने डिस्चार्ज एप्लीकेशन पर बहस नहीं की है। मंगलवार को उनकी ओर से डिस्चार्ज एप्लीकेशन पर बहस हो सकती है। संवाद