लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा क्रॉस केस मामले में एडीजे देवेंद्र नाथ सिंह की अदालत में मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे बयान देने पहुंचे। अधूरी गवाही के बीच में ही गुरप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह के गैर हाजिर रहने के कारण सुनवाई आगे बढ़ा दी गई। इसके बाद अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने 27 अक्तूबर की तिथि तय की है।
दरअसल, अभियोजन की ओर से बयान दर्ज कराने के दौरान ही अभियुक्त गुरप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह को पहचान कराने की रणनीति बनाई गई थी, क्योंकि प्रदर्शन के दौरान छपे हुए पोस्टर और फोटो के जरिये पहचानने की गवाही देने वाले शिवाजी दुबे से गवाही देने के दौरान ही अदालत में मौजूद गुरविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह को पहचाने जाने की योजना बनी थी, मगर आरोपी गुरविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह की माता जी बीमार होने के कारण उनकी हाजिर माफी आ गई।
लिहाजा अभियोजन के मंसूबे फेल होते देखकर अधूरे बयान के बीच में ही शिवाजी दुबे के बयान जारी रखने की रणनीति बनाई है, जिसके तहत अब अगली सुनवाई 27 अक्तूबर को होगी।