हथिनी डायना और पाखरी। स्रोत : वन विभाग
मझगईं। कोल्वा फार्म और आसपास के गांवों में एक माह से दहशत फैलाने वाले चार बाघ हथिनियों की गश्त के बाद पीछे हट गए हैं। उनकी लोकेशन खैरीगढ़ के जंगलों की ओर मिली है। पिछले सात दिनों से इलाके में बाघों की कोई नई गतिविधि दर्ज नहीं हुई है।
कोल्वा फार्म, गुनाखर टांडा, किशुनुटांडा और धर्मापुर के खेतों में चारों बाघों ने डेरा डाल रखा था। इस दौरान उन्होंने करीब आधा दर्जन मवेशियों को निवाला बनाया। लगातार आमना-सामना होने से ग्रामीणों में दहशत थी, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
वन विभाग ने निगरानी के लिए 16 ट्रैप कैमरे लगाए, चेतावनी पोस्टर चस्पा किए और ग्रामीणों में पर्चे बांटे। इसके बाद एक सप्ताह पहले दुधवा से प्रशिक्षित हथिनियां डायना और पाखरी को बुलाकर कॉम्बिंग शुरू कराई गई। विभाग के मुताबिक, इसके बाद बाघों की लोकेशन कोल्वा फार्म से दूर खैरीगढ़ के जंगलों की ओर मिली।
वन क्षेत्राधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि एक सप्ताह से इलाके में बाघों की नई मूवमेंट नहीं मिली है। इसके बावजूद हथिनियों से कॉम्बिंग और निगरानी जारी है। बारिश के कारण पगमार्क स्पष्ट नहीं मिल रहे हैं। एहतियातन ग्रामीणों को खेतों की ओर जाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।