कुकरा-भीरा जंगल मार्ग पर बैठा बाघ।
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की भीरा रेंज के जंगल से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों को कुकरा-भीरा मार्ग पर एक बाघ बीच सड़क पर बैठा दिखाई दिया। बीच सड़क पर बैठे बाघ को देख राहगीरों के होश उड़ गए।
बाघ काफी देर तक बीच सड़क पर बैठा रहा। जिसके चलते सड़क के दोनों और वाहनों के पहिये थम गए, काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। कुछ देर सड़क पर बैठने के बाद बाघ फिर चहलकदमी करता हुआ जंगल की ओर चला गया। तब जाकर राहगीरों ने राहत की सांस ली। इस बीच वाहन चालकों ने सड़क के बीच बैठे बाघ की तस्वीर ली और वीडियो भी बनाया।
राहगीरों का कहना है कि इस जंगल मार्ग पर लोगों को सड़क किनारे अक्सर बाघ चहलकदमी करते दिखलाई पड़ते हैं। रेंजर साजिद हसन ने बताया कि जंगल से गुजरे मार्ग पर बाघ दिखाई देने की सूचना मिली है। वन्यजीवों को किसी सीमा में नहीं बांधा जा सकता। राहगीरों को सतर्कता बरतनी चाहिए। निगरानी कराई जा रही। दुबारा बाघ दिखलाई पड़ने पर इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।