मझगईं। कोलवा फार्म क्षेत्र में बाघ के हमले में सोमवार सुबह एक और सांड़ की मौत हो गई। गुनाखर टांडा के पास बाघ सांड़ को मारने के बाद उसके शव को खींचकर जंगल के अंदर ले गया।
करीब 20 दिन के भीतर इसी क्षेत्र में बाघ के हमले में सांड़ की मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी।
सोमवार सुबह गुनाखर टांडा के पास लोगों ने बाघ द्वारा मारे गए सांड़ का शव देखा। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मझगईं रेंज के अधिकारियों को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी।
करीब 20 दिन पहले भी कोलवा फार्म में बाघ ने एक सांड़ को मार डाला था। तब बाघ करीब दो दिनों तक उसके शव को खाता रहा था। इससे पहले कार सवार लोगों को रास्ते में तीन बाघ दिखाई दिए थे। इसके बाद वनकर्मियों को गश्त के दौरान चार बाघ नजर आए थे। क्षेत्र में बाघों की लगातार मौजूदगी और मवेशियों पर हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
वन क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह बाघ द्वारा मारे गए सांड़ का शव मिला है। क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।