पन्नापुर में घटनास्थल का निरीक्षण करते वनकर्मी।
- फोटो : LAKHIMPUR
ममरी। महेशपुर बीट जंगल से निकलकर हैदराबाद थाना क्षेत्र के पन्नापुर गांव की आबादी के पास बाघ ने नीलगाय पर हमला कर दिया और उसे मार डाला। बाघ के हमले और पगचिह्न मिलने की पुष्टि वनकर्मियों ने की है।
पन्नापुर के ग्रामीणों ने बताया की मंगलवार की शाम पांच बजे वह खेतों में काम कर रहे थे। इसी बीच माता भुइयां देवी जंगल से निकलकर तीन किमी दूर गांव की आबादी के समीप आ पहुंचे बाघ ने उमाशंकर के खेत में घूम रही नीलगाय पर हमला कर दिया और उसे मार डाला, इससे खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंचे वनरक्षक श्यामकिशोर शुक्ला ने बाघ के हमले, पगचिह्न मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें मौके पर खून पड़ा मिला है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बाघ अब तक गन्ने के खेत में मौजूद हो सकता है। वनकर्मियों ने ग्रामीणों को खेतों में अकेले न जाने, सतर्क रहने की सलाह दी है। बताया कि बाघ की निगरानी में टीम लगा दी गई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। संवाद