लखीमपुर खीरी जनपद में दुधवा टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में बाघ का आतंक जारी है। शुक्रवार रात मैलानी रेंज के रामपुर ढकैया गांव में एक बाघिन ने ग्रामीणों ने की नींद उड़ा दी। रात करीब एक बजे बाघिन गांव में घुस आई। इससे ग्रामीणों की नींद उड़ गई। बाघिन ने हमला कर गाय को मार डाला।
जब ग्रामीणों ने बाघिन को भगाने का प्रयास किया तो उन पर हमलावर हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। बाघिन की दहशत से सहमे लोग घरों में कैद हो गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम गांव में नहीं पहुंची। दहशत में ग्रामीणों ने जागकर रात काटी।
इस बीच बाघिन एक घर के अंदर घुस गई। सुबह सात बजे के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को छतों पर रहने के लिए कहा। वन विभाग के निर्देश पर दुधवा के पशु चिकित्सक डॉक्टर दया और उपनिदेशक बफर जोन भी पहुंचे। बाघिन को पकड़ने का प्रयास किया गया।
वन विभाग से अनुमति मिलने पर बाघिन को ट्रेंकुलाइज करने से पहले ही वह मर गई। बाघिन की मौत कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए उसका शव आईवीआरआई बरेली भेजा जाएगा। बता दें कि रामपुर ढकैया कस्बा बांकेगंज से सटी खंजनपुर पंचायत का गांव है। इलाके में पहले भी बाघ बाघिन देखे जा चुके हैं।