तिकुनिया मजरा पूरब खैरटिया तिकुनिया मार्ग पर बाघ को पकड़ने को लेकर लगाया गया पिंजरा
तिकुनियां। मंझरापुरवा के खैरटिया मार्ग पर बाघ को पकड़ने के लिए लगाए गए कैमरों में बाघ नहीं कैैद हो सका है। लगातार हो रहे बाघ के हमले से ग्रामीण दहशत में है। फिलहाल बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।
23 अप्रैल को ग्राम सहनखेड़ा निवासी आकाश दिवाकर पुत्र प्रकाश दिवाकर को बाघ ने मझरा खैरटिया डामर मार्ग पर बाइक से खींचकर मार डाला था। एक मई को कौड़ियाला गुरुद्वारा मार्ग के पास स्थित गांवबाबा पुरवा बांध रोड पर ग्रामीणों को बाघ दिखाई पड़ा। वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए मार्ग पर दो पिंजरे व 18 कैमरे लगाकर बाघ की लोकेशन को ट्रेस करने की कोशिश की लेकिन बाघ अभी तक किसी भी कैमरे की नजर में नहीं आया।
वन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि बाघ जंगल में वापस चला गया, तभी किसी कैमरे में नजर नहीं आया। रेंजर बलवंत बहादुर सिंह ने बताया कि टीम लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीण अकेले न जाकर कई लोगों का समूह बनाकर आये जाएं, बाघ जंगल में चला गया है। लोकेशन न मिलने तक सभी को होशियार रहने की जरूरत है।