दुधवा टाइगर रिजर्व के बफरजोन में शामिल मैलानी रेंज की खरेहटा बीट में बाघ ने खेत की रखवाली कर रहे युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों के शोर मचाने पर बाघ युवक को छोड़कर जंगल में चला गया। परिवारीजन युवक को बांकेगंज सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई है।
थाना मैलानी क्षेत्र के उजागरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय बनवारी लाल बृहस्पतिवार दोपहर बाद करीब दो बजे थाना खरेहटा बीट जंगल से सटे खेत में गेहूं की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी बीच जंगल से निकले बाघ ने अचानक बनवारी लाल पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद बाघ उसे खींचकर जंगल के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा था कि आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ बनवारी लाल को छोड़कर जंगल में घुस गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है।
बाघ के हमले में बनवारी लाल की गर्दन, पीठ, दोनों कान, हाथ, कंधे और सीने पर पंजों के गहरे जख्म हैं। इसके अलावा उसकी गर्दन में बाघ के दांतों के गहरे घाव हैं। बांकेगंज सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों से बनवारी लाल को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
मैलानी रेंज की खरेहटा बीट जंगल के कंपार्टमेंट आठ में बाघ के हमले में युवक घायल हुआ है। सर्दियों के मौसम में जंगल के अंदर और सटे इलाके में बाघों का मूवमेंट अधिक रहता है। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्कता बरतना जरूरी है। बाघ की निगरानी को टीमें लगा दी गई हैं।
- डॉ. अनिल पटेल, उपनिदेशक, बफर जोन दुधवा टाइगर रिजर्व