मझगईं में बाघ द्वारा युवक को खींचने के बाद जमा भीड़। संवाद
मझगईं। मझगईं वन रेंज के चौखड़ा फार्म में एक किसान के यहां मजदूरी करने गए युवक पर खेत से निकले बाघ ने हमला कर दिया। करीब आधा किलोमीटर तक उसको घसीटता हुआ ले गया। शोरशराबा होने पर जुटी भीड़ ने पीछा कर बाघ से युवक को छुड़ाया। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक का हाथ और कंधा बाघ खा गया था।
मझगईं के रजागंज निवासी 25 वर्षीय बाबूराम पुत्र नत्थू चौखड़ा फार्म में एक किसान के यहां मजदूरी करने गया था। बताया जाता है कि घर के बाहर वह सफाई कर रहा था और आसपास गन्ने के खेत खड़े हुए हैं। इस बीच खेत से निकले बाघ ने बाबूराम पर हमला कर दिया। उसको करीब आधा किलोमीटर दूर तक खींच ले गया। लखवीर सिंह के खेत में बाघ ने हाथ और कंधा बुरी तरह से जख्मी कर दिया।
अचानक हुए बाघ के हमले से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ लखवीर सिंह के खेत के पास पहुंच गई। काफी कोशिश के बाद लोग बाघ से युवक को छुड़ा पाए। बाघ मौके से भाग निकला। हालांकि, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम का मामला होने के कारण छह बजे के बाद भी घटनास्थल पर भारी भीड़ लगी रही। मझगईं थाना प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी समेत वन विभाग की टीम भी पहुंच गई।
मझगईं में बाघ द्वारा युवक को खींचने के बाद जमा भीड़। संवाद