अमीरनगर (लखीमपुर खीरी)। लखीमपुर-मोहम्मदी रोड पर आंवला जंगल के निकट बुधवार की शाम कठिना नदी के पुल पर बाघ ने एक बाइक सवार को हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने उसे मोहम्मदी सीएचसी में भर्ती कराया है।
सीतापुर जिले के अमीरनगर पकरा गांव निवासी 32 वर्षीय पप्पू बाइक से मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव हरिनगर अपने साढ़ू मुकेश के यहां रिश्तेदारी में जा रहा था। पप्पू ने बताया कि वह जैसे ही मोहम्मदी लखीमपुर रोड पर आंवला जंगल के निकट कठिना नदी के पुल पर पहुंचा और बाइक पुल पर खड़ी कर जैसे ही नीचे उतरा, झाड़ियों में मौजूद बाघ ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची अमीरनगर चौकी पुलिस ने पप्पू को सीएचसी मोहम्मदी में भर्ती कराया।
रेंजर मोबीन आरिफ का कहना है कि स्वयं मौके पर गया लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी भी वन्यजीव के पगचिह्न नहीं दिखे। हमला बाघ या किसी अन्य जंगली जानवर ने किया इस संबंध में अभी कहना मुश्किल है। घायल को अस्पताल भर्ती करा दिया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।