धौरहरा। भाजपा की केंद्रीय इकाई के निर्देश पर भाजपा पीएम मोदी के नौ साल पूरे होने पर समरसता पखवाड़ा मना रही है। शनिवार को सिसैया में हुई बैठक में छुट्टा मवेशियों से परेशान जनता का दर्द फूट पड़ा और लोगों ने धौरहरा विधायक को उनके वादों का आईना दिखा दिया।
विनोद शंकर अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुछ पदाधिकारियों ने याद दिलाते हुए कहा कि आपने छुट्टा जानवरों की समस्या को दूर करने और सड़कें सही कराने के वादे किए थे, लेकिन समस्याएं दूर नहीं हुईं। सिसैया मंडल के सदस्य पंकज पांडे ने कहा कि एक ओर अफसर नहीं सुन रहे, वहीं नेता झूठे वादे कर ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं। विधायक अपने वादे के अनुसार छुट्टा पशु गोशाला तक पहुंचाएं।
ग्राम स्तर पर गोशाला बनवाएं, ताकि छुट्टा जानवरों की समस्या से निजात मिल सके। शासन स्तर से अधिक से अधिक पैसा आ रहा है। गोशालाएं बनाने में फिर भी हीलाहवाली हो रही है। उधर, विधायक के पास इसका कोई जवाब नही दिखा और वह निरुत्तर हो गए।