धौरहरा। गांव महराजनगर में मंगलवार को सड़क किनारे खेल रहे तीन वर्षीय बच्चे की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप को घेर लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेने के साथ चालक समेत पिकअप को कोतवाली ले आई।
महराजनगर निवासी आलम कुरैशी का तीन वर्षीय पुत्र सलमान मंगलवार करीब 11:30 बजे सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान बरेली से मांस लेकर आ रही पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सलमान की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पिकअप को घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर चालक और वाहन को कोतवाली पहुंचाया।
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजन बच्चे का पोस्टमाॅर्टम नहीं कराना चाहते हैं। परिजनों की मांग पर वाहन मालिक को भी कोतवाली बुलाया गया है।