बांकेगंज सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें जिला अस्पताल किया गया रेफर
बांकेगंज। कस्बा से सटे रमतलिया गांव में मंगलवार की सुबह कमरे के सामने बना छज्जा बच्चों के खेलते वक्त अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में वहां खेल रहे तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों के चीखने की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने तीनों को बांकेगंज सीएचसी में भर्ती करवाया।
रमतलिया गांव निवासी बनवारी लाल और उनके पुत्र खेतों में काम करने गए थे। घर में सिर्फ बच्चे थे। इस दौरान राजेश का पुत्र नीतेश (16), दिनेश का पुत्र रिंकल (15) और अभिषेक का डेढ़ वर्षीय पुत्र शिवा कमरे के सामने बने छज्जे पर सीढ़ी लगाकर वहां खेलने पहुंच गए। बच्चों के खेलते समय कमरे का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे वहां खेल रहे बच्चे छज्जा समेत जमीन पर आ गिरे। हादसे में नीतेश, रिंकल और शिवा मामूली रूप से जख्मी हो गए। बच्चों के चीखने-चिल्लाने पर वहां पहुंचे परिवारीजन और ग्रामीण तीनों बच्चों को इलाज के लिए बांकेगंज सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कमरे के सामने बना छज्जा काफी कमजोर था। बच्चों के उस पर चढ़ने से वह गिर गया। गनीमत रही कि कमरे के सामने बने आंगन की फर्श पर मिट्टी का पटान था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।