लखीमपुर खीरी। समग्र शिक्षा, राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ की ओर से प्रगति 2.0- स्वाभिमान से सफलता की ओर कार्यक्रम के तहत मंडल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया।
बेहजम के उच्च प्राथमिक विद्यालय थरिया के अनुज कुमार, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेहजम की छवि सिंह तथा सदर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय पहाड़ापुर की मानसी त्रिवेदी ने राज्य स्तर के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के दौरान डीसी रेनू श्रीवास्तव, जनपद नोडल शिक्षक जसपाल सिंह, मास्टर ट्रेनर सत्येंद्र बहादुर सिंह, गरिमा सिंह और कुहू बनर्जी को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।