अनियंत्रित कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
गोला कोतवाली क्षेत्र के मूर्तिहा चौराहे के पास रविवार की शाम लखीमपुर से तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर साइकिल मिस्त्री के खोखे से टकरा गई। खोखे पर खड़े लोग दूर जा गिरे। 60 साल के साइकिल मिस्त्री की मौत हो गई, चार घायल हो गए। सड़क पर भीड़ जुटने से जाम के हालात बन गए। गंभीर घायल पांच वर्षीय बच्चे को जिला अस्पताल से लखनऊ लेकर किया है।
गांव मूर्तिहा निवासी ताज अहमद थाना फूलबेहड़ के गांव हकीमपुर निवासी इरफान अहमद के साथ गोला किसी काम से जा रहे थे। मूर्तिहा चौराहे पर पहुंचने के बाद बाइक में हवा डलवाने के लिए रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे साइकिल मिस्त्री के खोखे पर खड़े थे। फूलबेहड़ गांव निवासी आर्यन अपने पिता बालगोविंद के साथ साइकिल सही कराने के लिए तेजीराम की दुकान पर बैठा था।
जल्लाद बाप: बेटे की हत्या कर खेत में जलाया शव, तालाब में फेंकी हड्डियां, हैरान करने वाली है वजह
इसी दौरान लखीमपुर से गोला जा रही एक अनियंत्रित कार आई और खोखे को टक्कर मार दी। हादसे में आर्यन (5), साइकिल मिस्त्री तेजीराम (60), बाल गोविंद (55) वर्ष घायल हो गए। बाइक लेकर सड़क किनारे खड़े ताज अहमद और इरफान भी कार की टक्कर लगने से बाइक समेत सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य फरधान पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखकर तेजीराम एवं पांच वर्षीय आर्यन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोला इंद्रजीत सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल ओयल में इलाज के दौरान तेजीराम की मौत हो गई। आर्यन पुत्र बालगोविंद को गंभीर रूप से घायल होने की वजह से लखनऊ रेफर कर दिया।