सदर कोतवाली पुलिस की हिरासत में गोली कांड के आरोपी। स्रोत: पुलिस
लखीमपुर खीरी। कचहरी परिसर में हुए गोलीकांड के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी विराट राज उर्फ शिवम की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।
नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव अमेठी निवासी जितेंद्र राज का अपने चाचा जेके राज निवासी कमलापुर के साथ संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को फसल की सिंचाई को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी।
सोमवार को दोनों पक्ष कचहरी पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसी दौरान जेके राज का बेटा विराट उर्फ शिवम और अनिरुद्ध मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विराट ने जितेंद्र राज पर गोली चला दी, जो उसके पेट में लगी और आर-पार निकल गई। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया, जहां सर्जरी के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार देर रात सूचना मिलने पर पुलिस ने रवही पुल के पास घेराबंदी कर विराट, अनिरुद्ध और जेके राज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।