करीब तीन माह से लापता इंडेन गैस कर्मी सकुशल घर लौट आया। एसओ ने गैसकर्मी के बयान दर्ज कर उसे घर भेज दिया है। बता दें कि इंडेन गैस एजेंसी पर बतौर गोदाम प्रभारी काम कर रहा लईक अहमद 27 दिसंबर 2014 को कस्बा स्थित गोदाम से लापता हो गया था। बेलरायां निवासी लईक के पिता रहूफ ने बेलरायां चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। व्यापारियों और बकाएदारों ने लईक को बरामद करने के लिए पुलिस पर शिकंजा कसना शुरू किया था। एसपी ने मामले की जांच एसओ आरके यादव को सौंपी थी। जांच में पुलिस ने परिवार वालों पर दबाव बनाया। गुरुवार की शाम करीब चार बजे पिता रहूफ, लईक को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने लईक से बयान लिए। लईक ने कर्ज अधिक होने की बात को स्वीकार करते हुए दिल्ली में नौकरी करने की बात को स्वीकार किया। लईक के आने की खबर मिलते ही थाने में व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई।