तिकुनिया जसनगर गांव में कटान का निरीक्षण कर रहे एसडीएम यदुवीर सिंह। संवाद
तिकुनिया। मोहाना नदी की तेज कटान ने जसनगर में ग्रामीणों के सामने घर बचाने का संकट खड़ा कर दिया है। दो दिन पहले तीन घर नदी में समा चुके हैं, जबकि 13 अन्य परिवारों के आशियाने कटान की जद में हैं।
नदी की तेज धारा के बीच ग्रामीणों को हर पल घर उजड़ने का डर सता रहा है। एसडीएम यादवेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित जगह बसाने का आश्वासन दिया है।
जसनगर में बीते एक सप्ताह से मोहाना नदी तेजी से कटान कर रही है। दो दिन पहले राजकुमार, रामजियावन और बालकराम के घर नदी में समा गए। अब रामबली, राजधर, बनवारी, रमेश, काशी, उमेश, चंदन, राम अवतार, सुमित्रा, रामचंद्र, रामदुलारे, बंधा लाल और कन्हैया लाल के घर कटान के निशाने पर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी की धारा इतनी तेज है कि घर कब कटान में समा जाएं, इसका अंदाजा नहीं है। अभी तक रहने के लिए दूसरी जगह भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। एसडीएम ने जल्द ही जगह चिह्नित कर उन्हें बसाने का भरोसा दिया है।