नगर पालिका लखीमपुर के ईओ मृत्युंजय यादव के छह सप्ताह के अवकाश पर जाने के बाद से यहां एसडीएम के पास ईओ का चार्ज चल रहा है। पिछले 18 दिनों में लखीमपुर नगर पालिका का कार्यभार संभालने वाले तीन एसडीएम बदलने से तीन बार ईओ का चार्ज भी बदला है। ऐसे में बार-बार ईओ बदलने से नगर पालिका का काम भी प्रभावित हो रहा है। इधर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्थाई ईओ की तैनाती के बावत शासन को पत्र भेजा है।
नगर पालिका ईओ मृत्युंजय यादव के छह सप्ताह की छुट्टी पर जाने के बाद 21 मार्च को अतिरिक्त एसडीएम नागेंद्र सिंह को नगर पालिका के ईओ का चार्ज सौंपा गया। नागेंद्र सिंह सिर्फ दो दिन तक ही कार्यभार देख पाए कि इसी बीच उन्हें पलिया का एसडीएम बना दिया गया। इसके बाद अतिरिक्त एसडीएम राकेश पटेल को नगर पालिका के ईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई, लेकिन दो दिन बाद ही उनकी जगह पलिया से एसडीएम सदर बनाए गए एसपी सिंह को नगर पालिका के ईओ का कार्यभार सौंपा गया। पालिकाध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव के मुताबिक सोमवार को हुई बोर्ड बैठक में एसडीएम/ईओ एसपी सिंह ने भाग लिया। उनके मुताबिक एसडीएम ने बताया कि उनका प्रमोशन हो गया है। वह बोर्ड की बैठक के लिए ही रुके हुए थे। एसडीएम सदर एसपी सिंह के बाद अभी नगर पालिका के ईओ पद पर किसी की तैनाती नहीं की गई है।
कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन
स्थाई रूप से ईओ की तैनाती न होने के कारण नगर पालिका कर्मचारियों को मार्च महीने का वेतन अभी तक नहीं मिला है। वहीं शहर में कराए जाने वाले कार्यों की गुणवत्ता जांचने, कर्मचारियों और कार्यदायी संस्थाओं पर प्रशासनिक नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल सप्लाई आदि का कार्य प्रभावित हो रहा है।