उप्र डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से जारी हड़ताल में बिजली विभाग के अभियंता तीन दिन बाद शामिल होंगे। महासंघ से जुड़े डिप्लोमा इंजीनियर्स ने पांचवें दिन भी हड़ताल जारी रखी। महासंघ के जिलाध्यक्ष जीएस सिंह ने कहा कि पे ग्रेड बढ़ाने की मांग को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स एकजुट हैं और इस बार आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
विलोबी हाल में धरने के दौरान लोक निर्माण, ग्रामीण अभियंत्रण, सिंचाई विभाग, जल निगम, जिला पंचायत, नलकूप, लघु सिंचाई, नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास विकास परिषद, आईटीआई शिक्षक, उप्र वन निगम तथा मंडी परिषद के अभियंता शामिल हुए। जिन्हें संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जीएस सिंह ने कहा कि मुख्य सचिव के विशेष अनुरोध पर बिजली विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर्स के हड़ताल पर आने के कार्यक्रम को तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। उन्होंने हड़ताल में शामिल अभियंताओं से अपील की कि जब तक सरकार 4800 पे ग्रेड, तीन पदोन्नति या उसका वेतनमान देने की मांग पर अमल नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान आरपी सिंह, सौरभ कुमार वर्मा, विनय कुमार, लोकेश कुमार, एजाज अहमद, देवेंद्र प्रताप सिंह, श्यामजी वर्मा, राकेश कुमार, बनवारी लाल, ज्ञानेश शर्मा आदि मौजूद थे।