मैलानी। रेलवे में मान्यता प्राप्त यूनियन के लिए होने वाले तीन दिवसीय चुनाव आज से शुरू होने जा रहे हैं। जिले में मैलानी और तिकुनिया में वोट पड़ेंगे, जबकि लखीमपुर के कर्मचारी सीतापुर में अपना वोट डालेंगे। सुबह आठ से शाम छह बजे तक मतदान होगा।
रेलवे में मान्यता प्राप्त यूनियन का चुनाव गुप्त मतदान के जरिये होता है। पिछली बार 2013 में यह चुनाव हुआ था, जिसमें एनई रेलवे मजदूर यूनियन को मान्यता मिली थी। उसके बाद से अब चुनाव होने जा रहा है। तीन दिवसीय मतदान के लिए रेलवे ने 4, 5 और 6 दिसंबर की तिथि निर्धारित की है। लिहाजा मतदान आज से शुरू होगा।
जिले में मैलानी और तिकुनिया दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मैलानी में वेटिंग रूम में बनाए गए मतदान केंद्र पर मैलानी के अलावा दुधवा, पलिया कलां, भीरा, बांकेगंज, गोला, भल्लिया बुजुर्ग, रजागंज, फरधान, देवकली में कार्यरत 395 कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जबकि तिकुनिया रनिंग रूम मतदान केंद्र पर तिकुनिया के अलावा बेलरायां, खैरटिया बांध रोड, मंझरा पूरब, बिछिया, निशानगाढ़ा, मूूर्तिहा, ककरहा रेस्ट हाउस, मिहिंपुरवा, गायघाट हाल्ट में कार्यरत 90 कर्मचारी अपने वोट डाल सकेंगें। लखीमपुर, खीरी टाउन, कादीपुर सानी हाल्ट और ओयल में कार्यरत कर्मचारी सीतापुर के रनिंग रूम में बनाए गए मतदान केंद्र पर वोट डालेंगे।
छह दिसंबर को मैलानी में केवल रनिंग कर्मचारी ही वोट डाल सकेंगे। मैलानी, सीतापुर में तीन दिन, जबकि तिकुनिया में दो दिन वोट पड़ेंगे। मैलानी और सीतापुर मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित है। सीतापुर में 944 मतदाता हैं।
छह संगठन हैं चुनाव मैदान में
चुनाव में सात संगठनों एनई रेलवे मजदूर यूनियन, एनई रेलवे मेंस कांग्रेस, पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ, पूूर्वोत्तर रेलवे कार्मिक यूनियन, पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, स्वतंत्र रेलवे बहुजन कर्मचारी यूनियन और ऑल इंडिया ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने नामांकन कराया था, जिसमें से ऑल इंडिया ट्रैक मेंटेनर यूनियन का नामांकन खारिज हो जाने से अब कुल छह संगठन मैदान में हैं।
लखनऊ मंडल में 14318 कर्मचारी 21 बूथों पर डालेंगे वोट
मैलानी। एनई रेलवे लखनऊ मंडल में कुल 14 हजार तीन सौ 18 कर्मचारी मतदान में भाग लेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी लखनऊ महेश गुप्ता ने बताया कि डीआरएम आदित्य कुमार के मार्गदर्शन, एडीआरएम परिचालन विक्रम कुमार के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के नेतृत्व में मंडल में चार, पांच, छह दिसंबर को मतदान होगा। मंडल में कुल 21 बूथ बनाए गए हैं। इसमें लखनऊ और गोरखपुर परिक्षेत्र में चार-चार, गोंडा में तीन, बुढ़वल, करनैलगंज, मनकापुर, बस्ती, आनंदनगर, तुलसीपुर, बहराइच, तिकुनिया, मैलानी और सीतापुर में एक-एक बूथ बनाया गया है। गुप्त मतदान संपन्न कराने के लिए मंडल के 25 अधिकारियों और 95 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संवाद