लखीमपुर खीरी। बीते 31 मार्च को एसबीआई के मुख्य प्रबंधक के साथ हुए हमले के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों का पुलिस ने चालान भेजा है। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित विवेक यादव निवासी ग्राम नगरिया खुर्द जिला शाहजहांपुर ने बताया था कि वह भारतीय स्टेट बैंक लखीमपुर में मुख्य प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। 31 मार्च की शाम करीब 6.30 बिना नंबर की स्विफ्ट कार से आए कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया था। सिर पर चोट लगने की वजह से वह लहूलुहान हो गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश की, पुलिस ने बृहस्पतिवार को तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मनीष नायक निवासी हरगोविन्द नगर कॉलोनी महेवागंज, शिवम वर्मा निवासी ग्राम पचकोरवा व शैलेश वर्मा उर्फ छोटू निवासी मोहल्ला गोविन्द नगर सलेमपुर कोन बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। संवाद