महाशिवरात्रि पर दीयों से रोशन गोला गोकर्ण तीर्थ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
दीपों की झिलमिलाहट से जगमग हुआ गोकर्ण तीर्थ
गोला गोकर्णनाथ। महाशिवरात्रि की शाम गोकर्ण तीर्थ के तट पर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के नाम हजारों दीप जलाकर सुख समृद्धि की कामना की। तीर्थ तट के आरती मंच और महादेवा धर्मशाला के सामने चबूतरे पर ओम नम: शिवाय, ओम, त्रिशूल की आकृति में झिलमिलाते दीपकों की शोभा देखते ही बन रही थी।
गोकर्ण तीर्थ के निर्मल जल में तैरते जगमग हजारों दीपक और दीपकों के प्रकाश के बीच जल में बनती विशालकाय भगवान शिव की प्रतिमा का प्रतिबिंब श्रद्धालुओं का अपनी ओर ध्यान आकर्षित कर रहा था। इस विहंगम दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं की नजर ठहर सी गई। इस मौके पर आयोजक संतोष सक्सेना, संतोष लाला, बाबा गौरक्षकनाथ, दीपा सक्सेना, नरेश लाला, प्रमोद लाला, रंजीत लाला, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष शरद बाजपेई, पूर्व विधायक विनय तिवारी, शिवभक्त पिंटू बाजपेई आदि मौजूद रहे।